घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने अवैध तमंचा भी किया बरामद
नैनीताल। पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अराजक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को वादी गुरमीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी ग्राम कंदला ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि अभियुक्त अर्जुन व उसके साथियों ने एक राय होकर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और तमंचे व लाठी-डंडों से जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। इस संबंध में कोतवाली रामनगर में मुकदमा अपराध संख्या 56/26 के तहत धारा 191(2), 191(3), 109, 333, 352, 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित अभियुक्त हितेश शर्मा पुत्र जितेंद्र शर्मा निवासी ग्राम जमुनाठेर, जिला बुलंदशहर (उ.प्र.) को पीरूमदारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। इसके आधार पर कोतवाली रामनगर में अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 65/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मामला भी दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त ने आपसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसएसआई कालाढूंगी पंकज जोशी, एसएसआई रामनगर दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक राजवीर नेगी, उपनिरीक्षक बीरेंद्र बिष्ट, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा सहित एसओजी और रामनगर पुलिस की टीम शामिल रही।
