बनभूलपुरा में 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने एक नशा तस्कर को 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपदभर में ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के अवैध कारोबारियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 3 नवंबर 2026 को चेकिंग के दौरान गोलापार्किंग के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।
तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 50 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शानू उर्फ राजा (21 वर्ष) पुत्र स्व. याकूब, निवासी गफूर बस्ती, कोतवाली बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 25 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (2 एमएल) तथा 25 एविल (फेनिरामाइन मैलेट) इंजेक्शन (10 एमएल) बरामद किए गए। कुल 50 इंजेक्शनों की बरामदगी के आधार पर कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 189/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक ज्योति कोरंगा, कांस्टेबल मोहम्मद यासीन एवं कांस्टेबल लक्ष्मण शामिल रहे।


