गोपेश्वर। नवदंपति व उनके परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में गोपेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 09.03.2026 को वादी अनुष्का रावत पुत्री वीरेंद्र सिंह रावत निवासी गोपेश्वर द्वारा कोतवाली गोपेश्वर में लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि 08.03.2026 की शाम वह अपने भाई और पति के साथ घूमने के लिए कठूड़ की ओर गई थीं। इस दौरान वहां स्थित ओपन जिम में वे फोटोशूट व बातचीत कर रहे थे। तभी कुछ व्यक्तियों ने बिना किसी कारण बताए लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया और वहां खड़े उनके वाहन को भी क्षति पहुंचाई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली गोपेश्वर में तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 06/2026 धारा 115(2), 118(1), 191(2), 324(4)(5), 351(2)(3) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर कोतवाली गोपेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र सैलानी (44) पुत्र दयारि लाल, बिजेंद्र सिंह (45) पुत्र कमल, महेंद्र लाल (40) पुत्र चन्द्रलाल, विक्रम बिष्ट (49) पुत्र बलवंत, बद्रीलाल (60) पुत्र बैशाखु तथा मातबर (48) पुत्र भगत, सभी निवासी ग्राम कठूड़, कोतवाली गोपेश्वर, जनपद चमोली शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
