केदारनाथ आपदा में मुआवजा राशि अपर्याप्त, कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने सरकार पर अन्याय का आरोप लगाया”
देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने केदारनाथ आपदा के लिए सरकार द्वारा जारी की गई मुआवजा राशि पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि 31 जुलाई को आई इस आपदा के लिए सरकार ने बहुत देर से कार्रवाई की। कांग्रेस पार्टी लगातार इस मुद्दे को उठाती रही, लेकिन अंततः सरकार ने केवल 9 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की, जो बिष्ट के अनुसार “ऊंट के मुंह में जीरे” के समान है।
बिष्ट ने कहा कि केदार घाटी में आपदा के चलते हजारों लोगों का व्यवसाय प्रभावित हुआ, जिसमें घोड़े-खच्चरों के व्यवसाय से लेकर छोटे दुकानदारों तक सभी को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि होटल, लॉज, रेस्तरां, टेंट और अन्य कारोबारों को भी बड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार ने इन सबकी भरपाई के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं दी।
उन्होंने मांग की कि प्रति मृतक और लापता व्यक्ति को 25 लाख रुपये तथा मृत या लापता घोड़ों के लिए 2 लाख रुपये मुआवजा दिया जाना चाहिए। बिष्ट ने कहा कि सरकार को कम से कम 100 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि मंजूर करनी चाहिए थी, और 9 करोड़ रुपये की राशि प्रभावितों के साथ अन्याय है।

