देहरादून के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर, जिलाधिकारी करेंगे समस्याओं का मौके पर समाधान

देहरादून के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर, जिलाधिकारी करेंगे समस्याओं का मौके पर समाधान
Spread the love

देहरादून। सुदूरवर्ती और दूरदराज के क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने घोषणा की है कि इन क्षेत्रों में वृहद स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न सरकारी विभाग एक ही छत के नीचे सेवाएं प्रदान करेंगे।

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इन शिविरों में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों और सरकारी योजनाओं के लाभ से किसी भी व्यक्ति को वंचित न रहने दें। ग्राम भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और उनका निवारण किया जाए।

इन शिविरों में आयुष्मान कार्ड, पेंशन, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य जांच, और रोजगारपरक प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर प्रदान की जाएंगी। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक के व्यक्ति को पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने कार्यालयों से बाहर निकलकर क्षेत्र का निरीक्षण करने और जनता की समस्याओं का धरातल पर समाधान करने के निर्देश दिए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles