पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने गणकोट में आपदा प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, प्रभावितों से की मुलाकात

पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने गणकोट में आपदा प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, प्रभावितों से की मुलाकात
Spread the love

पिथौरागढ़।जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आज गणकोट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा प्रभावितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। हाल ही में हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटना के कारण 72 वर्षीय देवकी देवी, पत्नी स्व. पूरन चंद्र उपाध्याय, मलबे में दब गईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के समय उनके साथ घर में पोता प्रियांशु, बेटा मनोज चंद्र उपाध्याय, और बहू चंद्रकला उपाध्याय मौजूद थे, जो सकुशल बच गए। हालांकि, मकान के पास स्थित गोठ में बंधी दो गायें और दो बछड़े इस आपदा में दब गए।

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने गणकोट पहुंचकर मृतका के परिजनों से भेंट की और दुख की इस घड़ी में उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शोक संवेदना व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि आपदा से प्रभावित सभी रास्तों, मंदिरों, भवनों आदि की क्षति का आकलन करके रिपोर्ट तैयार की जाए। भू-वैज्ञानिक को पूरे क्षेत्र और वहां स्थित स्कूल का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए ताकि स्कूल की सुरक्षा की स्थिति सुनिश्चित की जा सके और आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जा सकें।

जिलाधिकारी ने जल संस्थान को निर्देशित किया कि जितनी भी पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें तुरंत मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाए। यदि समय पर पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाती है, तो टैंकर के माध्यम से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान आपदा पीड़ितों को फूड किट और कंबल वितरित किए गए।

इस अवसर पर एडीएम डॉ. शिवकुमार बरनवाल, एसडीएम खुशबू आर्य, तहसीलदार विजय गोस्वामी, भू-वैज्ञानिक और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles