एसटीएफ की सटीक रणनीति का असर – 95 लाख की स्मैक के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

एसटीएफ की सटीक रणनीति का असर – 95 लाख की स्मैक के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की सटीक रणनीति और सख्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप 95 लाख रुपये की स्मैक के साथ तीन तस्करों को रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, श्री नवनीत सिंह ने जानकारी दी कि एएनटीएफ टीम ने रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान तीन तस्करों को रुड़की रोडवेज बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। तस्करों के पास से 317 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोटरसाइकिल (UK 17V 4202) बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए तस्करों में शहजाद और आजाद हरिद्वार के निवासी हैं, जबकि रईस अहमद बरेली, उत्तर प्रदेश से है।

गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के दौरान पता चला कि ये तस्कर बरेली से स्मैक लेकर हरिद्वार में सप्लाई करने जा रहे थे। स्थानीय तस्करों ने बरेली के रईस अहमद से स्मैक मंगवाई थी, जिसे बरेली से लेकर वे रुड़की पहुंचे थे।
एसएसपी नवनीत सिंह ने जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी न करें। अगर किसी को नशा तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस स्टेशन या एसटीएफ से संपर्क करें। एसटीएफ का टोल-फ्री नंबर 0135-2656202 और मोबाइल नंबर 9412029536 है, जिस पर कॉल करके नशा तस्करी की सूचना दी जा सकती है।

इस वर्ष अब तक एसटीएफ की एएनटीएफ टीम ने 47 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 16 करोड़ 15 लाख 40 हजार रुपये की स्मैक, 39 लाख 61 हजार रुपये की चरस, 10 लाख रुपये का गांजा, 15 लाख रुपये का डोडा पोस्त, 5 लाख 32 हजार रुपये की अफीम और 4.5 लाख रुपये की एमडी बरामद की गई है। कुल मिलाकर, 15 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स को एसटीएफ ने इस वर्ष बरामद किया है।

एसटीएफ की यह कार्रवाई उत्तराखंड को ड्रग्स मुक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम है, जिससे बड़े तस्करों के नेटवर्क पर लगातार प्रहार हो रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles