देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने 21 अक्टूबर 2024 को प्रदेश में बिगड़ते सामाजिक सौहार्द, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों के खिलाफ कुमाऊं कमिश्नरी नैनीताल के घेराव की घोषणा की है। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
जोशी ने उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने भाजपा के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” नारे को खोखला बताते हुए राज्य में महिलाओं के साथ बढ़ते अपराधों और भाजपा नेताओं की संलिप्तता पर सवाल उठाए।
उन्होंने बेरोजगारी और पेपर लीक के मामलों में भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की और युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की विफलताओं के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें।