पटना साहिब भाजपा की नहीं मेरी सीट है:शत्रुघ्न सिन्हा

नई दिल्ली।एजेंसी।भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर से भाजपा पर निशाना साधा है और कहा है कि पटना साहिब सीट पर लोगों ने उन्हें भरपूर प्यार दिया है और इस बार भी देगी इसलिए बीजेपी किसी भ्रम में ना रहे, यह सीट उनकी है, बीजेपी की नहीं और उन्हें खुशी होगी, अगर इस सीट पर उनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुकाबला होगा, सिन्हा ने कहा कि बीजेपी को मुगालते में रहने दो। पटना साहिब के मतदाता उन्हें सबक सिखा देंगे।
सिन्हा ने भाजपा पर तंज कसते हुए इस हाईप्रोफाइल सीट पर अतीत में कांग्रेस और आरजेडी की जीत का हवाला दिया। वह यहां से तीसरी बार जीत के लिए मशक्कत कर रहे हैं। दरअसल सिन्हा ने यह बयान मीडिया में चल रही उन खबरों पर दिया, जिस पर कहा जा रहा था कि नरेंद्र मोदी वाराणसी के अलावा दूसरी सीट पटना साहिब से मैदान में उतरेंगे तो क्या होगा, हालांकि इस सीट पर टिकट भाजपा ने रविशंकर प्रसाद को दिया है।
कांग्रेस की सदस्यता ज्वाइन करने के बाद एक सिन्हा ने मीडिया में कहा था कि बड़े भारी मन से अपनी पुरानी पार्टी को छोड़ रहा हूं, जिसके कारण सभी को पता हैं। 6 अप्रैल जो कि बीजेपी का स्थापना दिवस है, आज के ही दिन मैं पार्टी छोड़ रहा हूं। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे महान नेता का मुझे आशीर्वाद मिला है। सिन्हा ने कहा कि, हमने भारतीय जनता पार्टी में धीरे-धीरे लोकतंत्र को तानाशाही में परिवर्तन होते हुए देखा। मेरा कसूर यही था कि मैं सच्चाई और सिद्धांतों पर टिका रहा।

