उत्तराखंड पुलिस का ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा, दो माह में 591 गिरफ्तार
देहरादून।उत्तराखंड पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बीते दो महीनों में 591 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 24.25 करोड़ रुपये मूल्य के 936.56 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री दीपम सेठ की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में गढ़वाल व कुमाऊं रेंज सहित सभी SSP/SPs ने भाग लिया। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर अहम निर्देश जारी किए गए।
विशेष अभियान के तहत अब तक 427 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं, जिसमें 591 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है। इसके अलावा 26 अपराधियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध किया गया है, जबकि 15 अभियुक्तों की 1.74 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को जब्त किया गया है। इस विशेष अभियान को 31 मार्च 2025 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में पुलिस महानिदेशक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वांछित अपराधियों, इनामी बदमाशों और ड्रग्स तस्करों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान दिया जाए। थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मामलों का प्रभावी निपटारा हो सके। गंभीर अपराधों में लापरवाही बरतने वाले थाना एवं चौकी प्रभारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने के लिए रात्रि गश्त, पैदल गश्त और नाका चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन/अभिसूचना) श्री ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक (अभिसूचना) श्री कृष्ण कुमार वीके, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री नीलेश आनंद भरणे सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

