हरिद्वार में रिश्तों को कलंकित करने वाली खौफनाक घटना से उठा पर्दा, जुड़वा बच्चियों की हत्या में मां गिरफ्तार
हरिद्वार ।एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक मां ने अपनी छह माह की जुड़वा बच्चियों की हत्या कर दी। बच्चियों के पिता की शिकायत पर हरिद्वार पुलिस ने गहन जांच के बाद आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चियों के लगातार रोने से परेशान होकर मां ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
दिनांक 06 मार्च 2025 को डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम से कोतवाली नगर हरिद्वार को सूचना मिली कि दो जुड़वा बच्चियों को मृत अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चियों के पिता महेश सकलानी, जो मूल रूप से टिहरी गढ़वाल के ग्राम हवेली के रहने वाले हैं और वर्तमान में धीरवाली, ज्वालापुर में रह रहे हैं, ने अपनी बच्चियों की हत्या की आशंका जताई और कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया। इस पर मुकदमा अपराध संख्या 105/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने एसपी सिटी और सीओ ज्वालापुर को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, पड़ोसियों और जान-पहचान के लोगों से पूछताछ की, और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि घटना के समय घर में सिर्फ बच्चियों की मां शिवांगी ही मौजूद थी। महेश सकलानी उस वक्त काम पर गया था और शिवांगी ने बताया कि वह दूध लेने बाहर गई थी। हालांकि, पुलिस पूछताछ में उसके बयानों में कई विरोधाभास पाए गए।
जब महिला कांस्टेबल की निगरानी में शिवांगी से गहन पूछताछ की गई तो वह टूट गई और उसने स्वीकार किया कि दोनों बच्चियां अक्सर रात-दिन रोती रहती थीं, जिससे उसे आराम नहीं मिल पाता था। कम उम्र और परिवार में किसी का सहारा न होने के कारण उसका चिड़चिड़ापन बढ़ता गया और गुस्से में आकर उसने पहले बच्चियों को रजाई से दबाया, लेकिन जब वे ज्यादा रोने लगीं तो स्कार्फ/चुन्नी से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने मामले को सामान्य दिखाने के लिए दूध लेने के बहाने बाहर जाने का नाटक किया।
इस निर्मम हत्या ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। आम जनता मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रही थी और हरिद्वार पुलिस ने एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में इस ब्लाइंड केस को सुलझाकर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। कप्तान के अनुशासित नेतृत्व और पुलिस टीम की सूझबूझ की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की।
गिरफ्तार अभियुक्ता शिवांगी, जो कि महेश सकलानी की पत्नी है और ज्वालापुर के मोहल्ला चकलान की रहने वाली है, को पुलिस ने हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कोई भी अपराध पुलिस की पैनी नजरों से बच नहीं सकता।

