देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के खनन मामले में लगाए गए आरोपों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के आरोप गंभीर हैं, और मुख्यमंत्री को इसकी गहराई से जांच करनी चाहिए।
धीरेंद्र प्रताप ने खनन सचिव द्वारा दिए गए जवाबों को असंतोषजनक बताते हुए कहा कि यह केवल लीपापोती लग रही है। उन्होंने राज्य सरकार से खनन पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की ताकि जनता को सच का पता चल सके।
हालांकि, उन्होंने त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा खुद को शेर और अधिकारियों को कुत्ता कहे जाने की कड़ी आलोचना की और उनसे बयान वापस लेने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को राज्य की शान बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार चाहे नेताओं में हो या अधिकारियों में, ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
धीरेंद्र प्रताप ने राज्य में खनन के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

