डीएम सविन बंसल की आंदोलनकारियों संग सौहार्द्र बैठक, समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन
देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज ऋषिपर्णा सभागार में उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के साथ सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। जिलाधिकारी ने स्वयं आंदोलनकारियों को आमंत्रित कर संवाद किया और कहा कि आपके संघर्षों से ही उत्तराखंड राज्य की स्थापना हुई, और आज हम जो कुछ हैं, उसमें आपका योगदान सर्वोपरि है। हम आपके ऋणी हैं।
बैठक में चिन्हीकरण से संबंधित लंबित पत्रावलियों, पेंशन सत्यापन, एवं अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि 2021 की कट ऑफ तिथि से पूर्व चिन्हीकरण हेतु चयनित आंदोलनकारियों की समस्त पत्रावलियाँ संकलित कर एडीएम एफआर के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
डीएम ने बताया कि आंदोलनकारियों के पेंशन सत्यापन हेतु कोषागार में अलग काउंटर और डेडिकेटेड स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी ताकि प्रक्रियाएं सरल और त्वरित हों।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन मामलों पर शासन स्तर से निर्णय अपेक्षित है, उन्हें तत्काल शासन को संस्तुत किया जाएगा और जिला प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा कि आंदोलनकारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो।
बैठक में उपस्थित आंदोलनकारियों ने चिन्हीकरण, पेंशन व अन्य प्रशासनिक विषयों को लेकर अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं और डीएम का धन्यवाद करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाधान अवश्य होगा।
बैठक में प्रमुख रूप से उप जिलाधिकारी हरिगिरि*, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कपिल कुमार*, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी*, आंदोलनकारी प्रतिनिधि जगमोहन नेगी, सरोज पंवार, पुष्पलता सिलमाना, सरोज डिमरी, सुरेश कुमार, नवनीत गुंसाई, मनोज ध्यानी, सुरेन्द्र कुमार, उर्मिला शर्मा, ओमी उनियाल, निर्मला बिष्ट, देवेश्वरी रावत, जितेन्द्र अंथवाल, गीता नेगी आदि उपस्थित रहे आदि।

