विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट विधिवत श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुले

रुद्रप्रयाग – विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार सुबह विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं इस पावन अवसर पर पूजा-अर्चना की और सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। कपाट खुलने के साथ ही भगवान केदारनाथ की पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।
108 क्विंटल से अधिक फूलों से सजे मंदिर परिसर में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे भक्त अभिभूत हो उठे। पारंपरिक पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी स्थल उखीमठ से विभिन्न पड़ावों से होते हुए मंदिर पहुंची। कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह 5 बजे शुरू हुई और ठीक 7 बजे मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा केदार के आशीर्वाद से चारधाम यात्रा इस वर्ष भी नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध किए जाने की बात भी दोहराई।
कपाट खुलने के अवसर पर श्रीमती गीता धामी, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, मुख्य कार्याधिकारी बीकेटीसी विजय प्रसाद थपलियाल, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे, मंदिर समिति प्रभारी अधिकारी/सहायक अभियंता गिरीश देवली, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी धर्माधिकारी औंकार शुक्ला वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, पुजारी बागेश लिंग,वेदपाठी स्वयंबर सेमवाल, यशोधर मैठाणी, विश्व मोहन जमलोकी , देवानंद गैरोला,विपिन तिवारी कुलदीप धर्म्वाण, प्रकाश पुरोहित,उमेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहितगण, हकहकूकधारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

