भारत ने पाकिस्तान के आक्रामक प्रयासों को किया निष्फल, सटीक और संयमित प्रतिक्रिया दी

Spread the love

नई दिल्ली।ऑपरेशन सिंदूर पर 07 मई 2025 को हुई प्रेस ब्रीफिंग में भारत ने स्पष्ट किया कि उसकी प्रतिक्रिया संयमित, केंद्रित और गैर-भड़काऊ रही है। भारत ने पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना न बनाने का विशेष रूप से उल्लेख किया और दोहराया कि भारतीय सैन्य ठिकानों पर किसी भी हमले का उचित उत्तर दिया जाएगा।

07-08 मई की रात, पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों के ज़रिए अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज जैसे शहरों में भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली और एकीकृत काउंटर यूएएस ग्रिड ने इन हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया। विभिन्न स्थानों से बरामद मलबे ने इन हमलों में पाकिस्तान की संलिप्तता की पुष्टि की है।

जवाबी कार्रवाई में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को निशाना बनाया। विश्वसनीय जानकारी के अनुसार, लाहौर में एक वायु रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय किया गया है। भारत ने भी पाकिस्तान की तरह ही उसी क्षेत्र में और उसी तीव्रता से जवाब दिया है।

इस बीच, पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में अकारण मोर्टार और तोपों से गोलीबारी तेज कर दी है। इस हमले में तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित कुल 16 निर्दोष नागरिकों की मृत्यु हुई है। भारत ने इस अकारण हमले का भी उचित उत्तर दिया है।

भारतीय सशस्त्र बलों ने दोहराया है कि यदि पाकिस्तान शांति और सम्मान का मार्ग अपनाता है, तो भारत भी स्थिति को आगे नहीं बढ़ाना चाहता।

देवभूमि खबर

Related articles