11 मई से बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी श्री बदरीनाथ-केदारनाथ भ्रमण पर, यात्रा व्यवस्थाओं व विश्राम गृहों का करेंगे निरीक्षण

11 मई से बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी श्री बदरीनाथ-केदारनाथ भ्रमण पर, यात्रा व्यवस्थाओं व विश्राम गृहों का करेंगे निरीक्षण
Spread the love

देहरादून।श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी 11 मई से श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम के दर्शन व यात्रा व्यवस्थाओं के निरीक्षण पर रहेंगे। इस दौरान वे बीकेटीसी के विश्रामगृहों, मंदिरों और निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण करेंगे।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी कि अध्यक्ष 11 मई को ऋषिकेश स्थित चंद्रभागा व रेलवे रोड के विश्रामगृहों से भ्रमण की शुरुआत करेंगे। उसी दिन वे देवप्रयाग, श्रीनगर, कलियासौड़-धारी देवी और रुद्रप्रयाग के विश्रामगृहों का भी निरीक्षण करेंगे। रात्रि विश्राम उखीमठ के लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में होगा।

12 मई को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पूजा-अर्चना और कोठा भवन के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण कर वे गुप्तकाशी पहुंचेंगे और श्री विश्वनाथ मंदिर दर्शन के साथ-साथ विश्रामगृह की व्यवस्था देखेंगे। दोपहर बाद वे श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे और रात्रि विश्राम वहीं होगा।

13 मई को केदारनाथ से वापसी के बाद अध्यक्ष कालीमठ मंदिर में दर्शन करेंगे और गोपेश्वर में रात्रि विश्राम करेंगे। 14 मई को चमोली, पीपलकोटी व ज्योर्तिमठ के विश्रामगृहों और श्री नृसिंह मंदिर के दर्शन कर वे बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे और शाम की आरती में शामिल होंगे।

15 मई को बीकेटीसी अध्यक्ष प्रातः महाभिषेक पूजा में सम्मिलित होंगे और श्री बदरीनाथ धाम में यात्रा एवं निर्माण व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर देहरादून लौटेंगे। इस भ्रमण के दौरान मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, निजी सचिव अजय व प्रमोद नौटियाल और मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ भी उपस्थित रहेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles