दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 23.24 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सात लाख की ड्रग्स बरामद

दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 23.24 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सात लाख की ड्रग्स बरामद
Spread the love

देहरादून। “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में दून पुलिस लगातार नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जनपद के कोतवाली नगर और थाना सहसपुर क्षेत्र में पुलिस द्वारा दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से कुल 23.24 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लक्खीबाग चौकी क्षेत्र अंतर्गत जे.पी. होटल के पास चेकिंग के दौरान रमन पुत्र स्व. किशोर निवासी मद्रासी कॉलोनी, रेस्ट कैंप, देहरादून को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 13.54 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, सहसपुर थाना क्षेत्र में 30 जून 2025 को चेकिंग के दौरान माजरी सभावाला के पास पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को वाहन सहित रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 9.70 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अकबर पुत्र अख्तर, निवासी ग्राम कुंजा ग्रांट, थाना विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 48 वर्ष है। आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल (UK07-M-3910) को भी पुलिस ने मौके पर सीज कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सहसपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दून पुलिस की यह कार्यवाही दर्शाती है कि नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार प्रभावी ढंग से जारी है। पुलिस प्रशासन नशा तस्करी की जड़ तक पहुंचने और इसमें संलिप्त लोगों पर कठोरतम कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

देवभूमि खबर

Related articles