यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जायेंगी:नंदन सिंह रावत

Spread the love
रुद्रप्रयाग। देवभूमि खबर।केदारनाथ यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सहजता महसूस होगी। शासन-प्रशासन की ओर से यात्रा को सुगम और सरल बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। आगामी नौ मई को भगवान केदारनाथ के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनाथ खोल दिये जायेंगे। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा की नगरी में बेहतर सुविधाओं के साथ ही पहाड़ी उत्पाद का भी आनंद मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी नंदन सिंह रावत ने कहा कि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जायेंगी। यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली सहित अन्य सुविधाओं को जुटाया जा रहा है। भारी बर्फ के कारण यात्रा मार्ग पर करोड़ों का नुकसान है। प्रशासन के सामने समय कम और चुनौतियां बहुत ज्यादा हैं, बावजूद इसके कपाट खुलने से पूर्व व्यवस्थाओं को किसी भी हालत में दुरूस्त कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि केदार यात्रा से लाखों लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है। छः माह यात्रा चलने पर ही स्थानीय लोगों के साथ ही बाहरी राज्यों से आये लोगों की आर्थिकी मजबूत होती है। इस बार प्रशासन की ओर से किसानों की आय को बढ़ाने और रोजगार के मार्ग को सशक्त करते हुए पहाड़ी उत्पादों को तीर्थयात्रियों को परोसा जायेगा। सीडीओ रावत ने कहा कि केदारनाथ यात्रा में प्लास्टिक की हर चीज पर बैन लगाया गया है और यात्रियों से भी अपील की जायेगी कि वे केदारधाम में प्लास्टिक का उपयोग न करें। केदार बाबा को प्लास्टिक के फूल के वजाय ओरिजनल फूलों को चढ़ाया जायेगा। जिले के काश्तकारों को कुछ माह पूर्व फूलों के बीज उपलब्ध कराये गये थे। अब फूल तैयार हो गये हैं और काश्तकार उन फूलों को प्रशासन को उपलब्ध करायेंगे, जिन्हें श्रद्धालुओं को दिया जायेगा। कहा कि जिले में फूल कम होने पर ऋषिकेश से मंगाए जायेंगे। धाम में प्लास्टिक की कोई भी चीज नहीं बेची जायेगी, इसके लिए व्यापारियों एवं पंडा समाज के साथ बैठक की गयी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रसाद में एक करोड़ तीस लाख का टर्नओवर किया गया, जबकि चैलाई के लड्डू में इलाइंची दाना का भी उपयोग किया गया। इस वर्ष इलाइंची दाना का उपयोग न करते हुए सिर्फ चैलाई का प्रयोग किया गया है। इस बार सौ प्रतिशत चैलाई के लड्डू श्रद्धालुओं को दिये जायेंगे। कहा कि प्रशासन का मकसद यही है कि महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत हो और उन्हें सशक्त कर रोजगार दिया जाय। दो सौ से अधिक महिला समूह इसके लिए कार्य कर रही हैं, जिनके अंडर में एक हजार महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। सीडीओ रावत ने बताया कि केदारधाम में बिजली की आपूर्ति कर ली गयी है और जल्द ही दूर संचार व्यवस्था भी शुरू कर दी जायेगी। इसके लिए जी मैक्स कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जी मैक्स की टीम केदारनाथ पहुंच गयी है और दूर संचार व्यवस्था को दुरूस्त किया जा रहा है। केदार यात्रा में स्वास्थ्य सेवाओं का भी विशेष ध्यान रखा जायेगा। सिक्स सिग्मा की ओर से स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ यात्रियों को दिया जायेगा। इसके अलावा गौरीकुंड से केदारनाथ तक एमआरपी के जरिये यात्रियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों को पैदल मार्ग में पहाड़ी उत्पाद का भी आनंद मिलेगा। इस बार केदारनाथ धाम में बर्फवारी अधिक हुई है। ऐसे में ठंड का प्रकोप ज्यादा रहेगा। यात्री अपने साथ गर्म कपड़ों के साथ ही सुरक्षा का पूरा सामान लेकर आंये। ठंड से बचने के लिए धाम में वार्म रूम स्थापित किया गया है। उन्होंने तीर्थयात्रियों को संदेश देते हुए कहा कि वे सहजता से बाबा केदार के दर्शन कर सकते हैं।

देवभूमि खबर

Related articles