मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के 144 चयनित अभ्यर्थियों और 43 मृतक आश्रितों को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के 144 चयनित अभ्यर्थियों और 43 मृतक आश्रितों को सौंपे नियुक्ति पत्र
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए सिंचाई विभाग में चयनित 144 अभ्यर्थियों और उत्तराखंड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे के अंतर्गत 43 पात्र आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर कुल 187 अभ्यर्थियों/आश्रितों को सरकारी सेवा में नियुक्ति मिली।

मुख्यमंत्री ने सभी चयनितों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पहले भी 150 मृतक आश्रितों को नियुक्ति दी थी और अब शेष 43 को भी सेवा का अवसर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 में उत्तराखंड परिवहन निगम ने रिकॉर्ड 56 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में राज्य में भर्तियों में पक्षपात और भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति की भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों के उपयोग का आग्रह करते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के चयनित अभ्यर्थी न केवल तकनीकी रूप से दक्ष हैं बल्कि राज्य की कृषि समृद्धि के वाहक भी होंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री गणेश जोशी, विधायक श्री खजान दास, श्रीमती सविता कपूर, सचिव श्री युगल किशोर पंत, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles