10वां ऑल इंडिया अंडर-19 फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में द दून स्कूल उत्तराखंड बना विजेता

10वां ऑल इंडिया अंडर-19 फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में द दून स्कूल उत्तराखंड बना विजेता
Spread the love

देहरादून।सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में 7 अगस्त से 12 अगस्त तक आयोजित 10वां ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 का खिताब द दून स्कूल उत्तराखंड ने जीत लिया। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर की आठ नामी स्कूलों की टीमों ने भाग लिया, जिनमें द दून स्कूल, कसीगा स्कूल, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, वेलहम बॉयज स्कूल, जी.आर.डी. वर्ल्ड स्कूल, अजमेर का मयू कॉलेज, हिमाचल प्रदेश का टी.एल.एस. सनावर और अलवर (राजस्थान) का द सागर स्कूल शामिल थे। टूर्नामेंट का आयोजन लीग-कम-नॉकआउट फॉर्मेट में हुआ और इसमें तकनीकी सहयोग उत्तराखंड फुटबॉल रेफरी एसोसिएशन का रहा।

चीफ रेफरी डॉ. वी.एस. रावत के नेतृत्व में रेफरी मनोज नेगी, विमल सिंह रावत, प्रवीन राज सिंह रावत, हर्षित चौहान, वरुण चौहान, सनम पुन, हिमांशु प्रजापति और प्रकाश रूनी ने मैचों का संचालन किया। टूर्नामेंट के आयोजक कमलजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि फाइनल मुकाबला द दून स्कूल उत्तराखंड और मयू कॉलेज राजस्थान के बीच खेला गया, जिसमें द दून स्कूल ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से लक्ष्य ने 20वें मिनट में, जबकि सौर्यजीत ने 48वें और 89वें मिनट में गोल किए। मयू कॉलेज के लिए जोरवार ने 10वें और 25वें मिनट में गोल दागे।

विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सिडकुल इंडस्ट्री सेलाकुई के चेयरमैन श्री यशवंत सिंह रावत और सेलाकुई स्कूल के हेड मास्टर श्री दिलीप कुमार पांडा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। टूर्नामेंट में द दून स्कूल के लक्ष्य शाह को गोल्डन बूट, इमर्जिंग प्लेयर का खिताब राहुल को, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर सेलाकुई स्कूल के रिकम को, फेयर प्ले ट्रॉफी जी.आर.डी. वर्ल्ड स्कूल देहरादून को और गोल्डन ग्लव्स मयू कॉलेज के यस मुंद्रा को प्रदान किए गए।

इस मौके पर आयोजक कमलजीत सिंह धालीवाल, फिजियो कुशलानंद सेमवाल और सोनू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles