चतुर्थ श्रेणी के 2364 पदों पर शीघ्र होगी भर्तीः डॉ. धन सिंह रावत
देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में लम्बे समय से रिक्त पड़े 2364 चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। सभी पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा, जिसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्मिकों की शीघ्र तैनाती के लिए विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा विभाग में बुनियादी ढांचे के साथ ही मानव संसाधन उपलब्ध कराने में जुटी है। इसी क्रम में सरकार ने विभाग के विभिन्न कार्यालयों व विद्यालयों में सृजित चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के 2364 रिक्त पदों (मृत संवर्ग) को आउटसोर्स पदों में परिवर्तित करने की मंजूरी दे दी है। इसका शासनादेश भी जारी किया जा चुका है।
जारी आदेश के अनुसार, महानिदेशालय कार्यालय, निदेशालय माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा एवं अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण सहित एससीईआरटी, बोर्ड कार्यालय रामनगर, मण्डलीय अपर निदेशक कार्यालय माध्यमिक/प्राथमिक (गढ़वाल व कुमाऊं), समस्त डायट, मुख्य शिक्षा अधिकारी व जिला शिक्षा अधिकारी मध्यमिक व बेसिक कार्यालय में कुल 334 पद आउटसोर्स में परिवर्तित कर दिए गए हैं।
इसी प्रकार,
- 1000 से अधिक छात्र संख्या वाले प्रत्येक इंटर कॉलेज में 2 परिचारक एवं 1 स्वच्छक/सह चौकीदार,
- 500 से 1000 छात्र संख्या वाले इंटर कॉलेजों में 1 परिचारक व 1 चौकीदार,
- 500 से कम छात्र संख्या वाले इंटर कॉलेजों व हाईस्कूलों में 1 चौकीदार,
- तथा नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में, जहाँ चतुर्थ श्रेणी व स्वच्छक के पद सृजित नहीं हैं, 1 चौकीदार का पद आउटसोर्स के तहत स्वीकृत किया गया है।
इस प्रकार राजकीय विद्यालयों में कुल 2023 पदों को आउटसोर्स में परिवर्तित कर दिया गया है। विभागीय मंत्री ने कहा कि कुल 2364 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। इनमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और प्रत्येक आउटसोर्स कर्मचारी को 15,000 रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा।
डॉ. धन सिंह रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की नियुक्ति में राज्य में प्रचलित आरक्षण नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिसके लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
