नैनीताल में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का 138वाँ जन्मदिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पंत पार्क स्थित उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया और विभिन्न स्थानों पर पंत जी के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी भी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित की गई।
जिलाधिकारी वंदना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल सहित कई गणमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद रहे। नैनीताल पहुँचे प्रदेश के केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने पंत पार्क में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों एवं छोलिया दल ने रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं। केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री के रूप में पं. गोविंद बल्लभ पंत की आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके विचार सदैव जनसेवा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे।
मीडिया से बातचीत में मंत्री बहुगुणा ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की शहादत से बने उत्तराखंड के विकास के लिए मुख्यमंत्री निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में प्रतिभाग करने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, पूरन मेहरा, गोपाल रावत समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

