2027 कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने किया स्थलीय निरीक्षण

2027 कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने किया स्थलीय निरीक्षण
Spread the love

हरिद्वार। आगामी 2027 के कुंभ मेले को दिव्य एवं भव्य ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने आज मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मेला अधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल, उपाध्यक्ष एचआरडीए अंशुल सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने गौरी शंकर द्वीप, नमामि गंगे चंडी घाट, मोक्ष घाट, बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप, पंतद्वीप, हरकी पैड़ी से मालवीय द्वीप होते हुए सीसीआर मेला कंट्रोल रूम तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिन घाटों पर रेलिंग नहीं लगी है वहां शीघ्र रेलिंग लगाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नजीबाबाद हाईवे पर गौरी पार्किंग स्थल में मल्टी मॉडल हब, चंडी देवी मंदिर तक रोपवे निर्माण, नीलधारा में कल्चरल हब और लेजर शो, बैरागी कैंप क्षेत्र में धार्मिक संस्थाओं के कैंपिंग स्थल, नए घाटों के निर्माण, मायापुर स्कैप चैनल का विस्तारीकरण, आईरिस सेतु से मातृसदन मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नक्षत्र वाटिका के समीप कैनाल फ्रंट डेवलपमेंट, कनखल श्मशान घाट के सामने अतिरिक्त सेतु, सिल्टइजैक्टर पर सड़क निर्माण, दक्ष मंदिर मार्ग चौड़ीकरण तथा खड़खड़ी श्मशान घाट से चमगाद्ध टापू को जोड़ने वाले सेतु निर्माण जैसे कार्यों की योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुरूप कुंभ 2027 के सभी स्थाई एवं अस्थाई निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर रेलिंग का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य समयबद्ध और तत्परता से पूरे किए जाएं।

जनपद आगमन पर मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य सचिव का स्वागत किया तथा आश्वस्त किया कि दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद पांडे, मुख्य अभियंता चंद्रशेखर सिंह, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए मनीष सिंह, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, एसपी सिटी पंकज गैरोला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles