नवरात्र से पहले हरिद्वार में खाद्य पदार्थों पर सख्त जांच, 120 किलो कुट्टू आटा जब्त
हरिद्वार।आगामी नवरात्र पर्व को ध्यान में रखते हुए जनपद हरिद्वार में मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी है, जिसमें व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की विशेष रूप से जांच की जा रही है।
बुधवार को लक्सर, भगवानपुर, हरिद्वार एवं धनौरी क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रशासन और पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुट्टू और सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मूंगफली, मसाले सहित अन्य व्रत संबंधी खाद्य सामग्री की जांच की गई।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि विभिन्न दुकानों, गोदामों और विक्रय स्थलों से करीब 10 संदिग्ध खाद्य नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
अभियान के दौरान गोवर्धनपुर रोड स्थित एक प्रोविजन स्टोर पर कार्रवाई करते हुए लगभग 120 किलोग्राम खुला कुट्टू आटा जब्त किया गया। जांच में पाया गया कि संबंधित विक्रेता आटे का बिल प्रस्तुत नहीं कर सका और कई बैगों पर आवश्यक विवरण—निर्माता का नाम, पता, लाइसेंस नंबर, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि—अंकित नहीं थे। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर आटे को सीज कर नगर पालिका के सहयोग से सिमली डंपिंग ग्राउंड में नष्ट कराया गया।
इसके अतिरिक्त, कुट्टू आटे के परिवहन से जुड़े ट्रांसपोर्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, कपिल देव के नेतृत्व में एक टीम ने नारसन और मंगलौर क्षेत्र में निरीक्षण कर पांच नमूने एकत्र किए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नवरात्र के दौरान इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रखें जाएं और खाद्य गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

