सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में भारत से एकमात्र रेफरी बने चर्चिल राणा, उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण
देहरादून/मालदीव। उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि नेशनल फुटबॉल रेफरी चर्चिल राणा का चयन सैफ (साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन) अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 के लिए भारत से एकमात्र रेफरी के रूप में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 23 मार्च से 3 अप्रैल तक मालदीव में आयोजित की जा रही है।
चर्चिल राणा ने फोन पर अपने संस्थापक कोच डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत को इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच के मार्गदर्शन, रेफरी कोचिंग और वर्षों की मेहनत को दिया। इस अवसर पर डॉ. रावत ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे जल्द ही फीफा स्तर के रेफरी बनकर देश और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत, जो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, क्लास वन रेफरी और इंटरनेशनल कोच रह चुके हैं, ने बताया कि चर्चिल राणा उत्तराखंड के पहले नेशनल रेफरी हैं और वर्तमान में इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026 में असिस्टेंट रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं। वे राज्य के पहले रेफरी हैं जिन्हें ISL के लिए चयनित किया गया है।
चर्चिल राणा ने वर्ष 2011 से 2015 तक डॉ. रावत के मार्गदर्शन में रेफरी प्रशिक्षण लिया और 2019 में आर्मी में रहते हुए नेशनल रेफरी बने। उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें 2019 में उत्तराखंड फुटबॉल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
डॉ. रावत ने यह भी बताया कि उनके अन्य शिष्य भास्कर तमांग और राकेश जोशी भी नेशनल रेफरी बन चुके हैं और उन्होंने उत्तराखंड में आयोजित 38वें नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।
गौरतलब है कि चर्चिल राणा ने हाल ही में मालदीव और श्रीलंका के बीच खेले गए उद्घाटन मैच में रेफरी की जिम्मेदारी निभाई, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।

