एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, हरिद्वार से 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद

एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, हरिद्वार से 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद
Spread the love

देहरादून। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) टीम ने हरिद्वार के लंढौरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद नशीली दवाइयों की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक Deepam Seth के निर्देशों पर एसटीएफ द्वारा राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देशन में एएनटीएफ टीम ने यह कार्रवाई की।

एसटीएफ टीम द्वारा बरामद किए गए कैप्सूल “एसीटामिनोफेन, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड एवं डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड कैप्सूल” प्रतिबंधित नशीली श्रेणी में आते हैं। बरामद माल को सील कर एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या UK08AF5637 भी बरामद की गई। एसटीएफ और एएनटीएफ टीम अब बरामद नशीली दवाइयों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल पूरे गिरोह का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मेठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल प्रशांत चौहान एवं कांस्टेबल दीपक नेगी शामिल रहे।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ को दें। पुलिस ने संपर्क के लिए 0135-2656202 और 9412029536 नंबर जारी किए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles