रीया थापा को कैंडल मार्च से श्रद्धांजलि, कांग्रेस ने परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

देहरादून। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और कथित परीक्षा घोटालों के विरोध में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में देहरादून के पूजा विहार स्थित दिवंगत छात्रा रीया थापा के निवास से कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान परिजनों, स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा।
इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि रिया थापा की मौत देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा छात्रों का व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए।
वैभव वालिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी रिया थापा सहित उन सभी विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित करती है, जिन्होंने परीक्षा व्यवस्था से जुड़े तनावपूर्ण हालात के बीच अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और युवाओं के हितों के लिए आवाज उठाती रहेगी।
कैंडल मार्च में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, हरेन्द्र गोसाई, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, मंजू त्रिपाठी, वीरेंद्र पवार, राजकुमार गुरूंग, अनिल थापा, सीताराम नौटियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं रिया थापा के परिजन मौजूद रहे।

