बिना भगवान की कृपा हुए संत जीवन में नहीं मिलते हैं:राजराजेश्वरानन्द

हरिद्वार।देवभूमि खबर। उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था हरि सेवा आश्रम ट्रस्ट के वार्षिकोत्सव व संत सम्मेलन का शुभारम्भ जगद्गुरू शंकराचार्य राजराजेश्वरानन्द महाराज, विश्व विख्यात योगगुरू बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण शास्त्री व ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने दीप प्रज्जवलित कर किया। संत सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वरानन्द महाराज ने कहा कि जिन मनुष्यों को गंगा के पावन तट पर गाय, गंगा, सन्त के दर्शन और भागवत पुराण के श्रवण का अवसर प्राप्त होता है वह मनुष्य भगवान के कृपा पात्र होते हैं। बिना भगवान की कृपा हुए संत जीवन में नहीं मिलते हैं। मनुष्य का जीवन दूसरों के कल्याण के लिए बना है। मनुष्य औरों के ही जीता है, काम करता है और मरता है।
योगगुरू बाबा रामदेव ने संत सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि गुरू व संतों की कृपा से मनुष्य को अपने जीवन में वेद और उपनिषद को ग्रहण करके जीवन को सरल और सहज बनाया जा सकता है। उन्हांने कहा कि कर्म पूजा बने, कर्म भक्ति बने और कर्म सेवा बने ऐसे भाव को जीवन में आत्मसात करना चाहिए और जीवन को देशसेवा में समर्पित करना चाहिए। जीवन को सहजता, कुशलता, प्रसन्नता और सरलता से ही जीना चाहिए यही धर्मशास्त्रों का मूल सार है। बिना संत और गुरूओं की कृपा से मनुष्य का जीवन सहज और सरल नहीं बन सकता है। इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि विश्व भर में भारत की आयुर्वेद पद्धति का प्राचीन काल से ही डंका बजा हुआ है। हम पतंजलि योगपीठ के माध्यम से भारत को विश्व स्तर पर योग व आयुर्वेद में पहले स्थान पर लाने का काम कर रहे हैं। हम संस्कृत भाषा में लगभग 16 हजार पौधों को वर्णित करने जा रहे हैं। पहले यह पौधे केवल 1 हजार मात्र थे जिसमें 15 हजार बढ़ाकर हमने 16 हजार किया है। यह एक भारत की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, श्रीमहंत विनोद गिरि, स्वामी सहजानन्द, महंत दिनेश दास, महंत ललितानन्द गिरि, बड़ा अखाड़ा उदासीन कोठारी के महन्त प्रेमदास महाराज, कार्यक्रम संयोजक महन्त कमलदास महाराज, कारोबारी महन्त निर्मलदास महाराज, महन्त राघवेंद्रदास ब्रह्ममुनि, स्वामी जगदीशानन्द महाराज, स्वामी चिदाविलासानन्द महाराज, स्वामी कृष्णदेव महाराज, महन्त केशवानंद, महन्त रविदेव शास्त्री, महन्त दिनेशदास, उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नरेश बंसल, विधायक आदेश चैहान, पार्षद अनिरूद्ध भाटी, अनिल मिश्रा, विनित जौली, विदित शर्मा, राजकुमार गर्ग, मंजू गर्ग, मनीष गुप्ता, सुचेता गुप्ता, गीतिशा आदि सहित संत-महंतजन व श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे।

