जोशीमठ के चाईं गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत छह लोग सवार; सभी के हताहत होने की आशंका

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना से हड़कंप मच गया। बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX जोशीमठ क्षेत्र के चाईं गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे। सभी के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से जारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का नियंत्रण तंत्र से संपर्क टूट गया। इसके बाद निगरानी प्रणाली में भी उसकी स्थिति का पता नहीं चल पाया।
जोशीमठ से उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार एसडीएम जोशीमठ की ओर से दोपहर 2:21 बजे सूचना मिली कि चाईं गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई है। यूकाडा कर्मचारियों ने बताया कि चाईं गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखाई दे रही थी। इसके बाद तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमें दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। भारतीय सेना और चमोली जिला प्रशासन की टीमें भी बचाव कार्य में जुट गईं। मीडिया रिपोर्टों में हेलीकॉप्टर का मलबा मिलने की जानकारी सामने आई है और उसमें सवार सभी छह लोगों के हताहत होने की आशंका जताई गई है।
प्राधिकरण की ओर से जारी सूची के अनुसार हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में सवार थे। उनके अलावा पांच यात्री प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज भी सवार थे।
हादसे के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों और हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की वास्तविक स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। प्रशासन और बचाव दलों की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है।


