टेलीमेडिसन सेवा का लाभ दुर्गम इलाके के लोगों को मिलने लगा
नैनीताल।देवभूमि खबर। जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर जिले के दुर्गम बेतालघाट ईलाके में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में लगभग एक माह पहले शुरू हुई टेलीमेडिसन सेवा का लाभ दुर्गम ईलाके के लोगों को तेजी से मिलने लगा है। गौरतलब है कि जिलाधिकारी श्री बसंल के प्रयासों से बेतालघाट में शुरू हुई टेलीमेडिसन सेवा का उद्घाटन बीती एक दिसम्बर को प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा आयोजित समारोह में किया गया था। सेवा प्रारंभ होने के लगभग एक माह के भीतर इस सेवा का फायदा बेतालघाट क्षेत्र के 42 लोगों द्वारा लिया जा चुका है। टेलीमेडिसन सेवा वर्तमान में राजकीय मेडिकल काॅलेज तथा सुशीला तिवारी चिकित्सालय से सम्बद्ध कार्यरत है। आॅनलाईन ईलाज तथा डाॅक्टरों से रूबरू होते हुए मरीजों में विशेष उत्साह एवं विश्वास कायम हुआ है। टेलीमेडिसन सेवा शुरू होने से दुर्गम ईलाके के लोगों के धन व समय की बचत भी हो रही है और उन्हें तुरन्त ईलाज तथा डाॅक्टरों का परामर्श मिल रहा है।

