बन्दरों के उत्पात से निजात दिलाने को ठोस कार्यवाही को अमल में लाना होगा: चौहान
अल्मोड़ा ।देवभूमि खबर। जनपद में बन्दरों के द्वारा आये दिन मचाये जा रहे उत्पात से निजात दिलाये जाने के लिये हमें ठोस कार्यवाही को अमल में लाना होगा। यह बात विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने जिला कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कही। उन्होंने कहा कि इसके लिये धनराशि की व्यवस्था के साथ ही अन्य व्यवस्थायें वन विभाग को करनी होगी इस सम्बन्ध में मेरे द्वारा वन विभाग के पीसीएफ से दूरभाष पर वार्ता हो चुकी है। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि शासन स्तर पर भी इस गम्भीर समस्या से निपटने के लिये बैठक हो रही है। इस पर जो भी निर्णय होगा तद्नुसार कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। इसके साथ ही उन्होंने अवगत कराया कि इस सम्बन्ध में उनके द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत व वन मंत्री हरक सिंह रावत से भी निरन्तर वार्ता की जा रही है उनके द्वारा भी इस समस्या के निदान हेतु आश्वस्त किया गया है कि शीध्र ही इस पर ठोस निर्णय लिया जा रहा है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इस सम्बन्ध में शासन स्तर पर निरन्तर सम्पर्क बनाये रखे। बैठक में उपस्थित वन विभाग के अधिकारियों ने विधानसभा उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि 15 दिन के भीतर बन्दरों को पकड़ने हेतु धनराशि मिलने की सम्भावना है उसके बाद इस पर निर्णय लिया जायेगा। उपाध्यक्ष ने कहा कि बन्दरों को पकड़ने के लिये यदि सम्भव हो सके तो आगामी जिला योजना में इसका प्राविधान रखकर धनराशि स्वीकृत करा ली जाय। साथ ही उन्होंने कहा कि विधायक निधि से भी इसमें धनराशि स्वीकृत कराये जाने का प्राविधान हो तो वे विधायक निधि से इस हेतु धनराशि देने के लिये सहमत हैं। उन्होंने जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के अभियान में सभी का सहयोग लिया जाय। जिलाधिकारी इवा आशीष ने बताया कि जिला प्रशासन की पहल पर छावनी परिषद अल्मोड़ा द्वारा एक सौ बन्दर पकड़ने का निर्णय लिया गया है इसके लिये उन्होंने जिला प्रशासन व वन विभाग से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर फैन्सिंग व मनरेगा द्वारा दीवार बनाकर जंगली सूअरों व बन्दरों से निजात मिल सके कार्य योजना बनायी गयी है। जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 03 दिसम्बर से एक विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों का बधियाकरण नगर पालिका व पशुपालन विभाग द्वारा कराया जायेगा इस बधियाकरण अभियान के तहत लगभग एक हजार कुत्तों का बधियाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि उनके द्वारा निरन्तर शासन स्तर पर वन विभाग के उच्चाधिकारियों सहित सचिव वन से दूरभाष पर इस समस्या के निदान हेतु वार्ता की जा रही है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नगर पलिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिये कि नगर में जहां पर भी खुले कूड़ादान है उन्हें बन्द कराने की व्यवस्था की जाय साथ ही जहंा पर विभिन्न प्रतिष्ठानों व अन्य स्थानों पर कूड़ा हो रहा है वहां पर अभियान चलाकर चालान किया जाय। इसके साथ ही व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रतिष्ठान के सामने अनिवार्य रूप से लोगों को कूड़ादान रखने के लिये प्रेरित किया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि खुले कूड़ादान होने से भी बन्दरों द्वारा कूड़े को इधरउधर फैका जा रहा है इसलिये हमें इस पर विशेष निगरानी रखनी होगी । इस बैठक में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने अपने सुझाव रखते हुये कहा कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या के निदान हेतु पूर्ण सहयोग दिया जायेगा। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी कैलाश सिंह टोलिया, कामनी कश्यप, प्रभा पाण्डे, अध्यक्ष एक्स पैरामिलिट्री फोर्स मनोहर सिंह नेगी, वनाधिकारी आर0सी0 शर्मा, उप वनाधिकारी पीआरएस बिष्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका श्याम सुन्दर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भीम सिंह मेर उपस्थित थे।
