अधिकारी वित्तीय वर्ष में धनराशि खर्च करने के अनुसार ही बजट पास करें:नीरज खैरवाल

Spread the love
1
रुद्रपुर ।देवभूमि खबर। वित्तीय वर्ष 2017 18 की जिला योजना की जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल द्वारा जिला योजना से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए जनपद प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली जिला योजना समिति की बैठक में योजनाओं के अनुमोदन के लिए क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों से योजनाएं प्राप्त कर जिला योजना समिति के सम्मुख प्रस्तुत करें। डीएम ने निर्देशित करते हुए कहा सभी अधिकारी वित्तीय वर्ष में धनराशि खर्च करने की क्षमता के अनुसार ही बजट पास कराना सुनिश्चित करें तथा बजट जारी करने के बाद बजट समय से खर्च करने का पूरा दायित्व संबंधित अधिकारियों का होगा। उन्होंने कहा कि समय से बजट खर्च नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ  कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धरातल पर जो भी योजनाएं उतारी जाती है, उसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि योजना का लाभ लम्बे समय तक लोगों को मिल सके।
उन्होंने उरेडा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वर्ष 2012-13 में जो सौलर स्ट्रीट लाईटें लगाई गई हैं, उनमें से खराब लाईटों को प्राथमिता देते हुए जिला योजना की धनराशि से ठीक किया जाए। उन्होंने गन्ना विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला योजना की धनराशि गन्ना बीज बदलाव योजना के अन्तर्गत खर्च की जाए ताकि जनपद का गन्ना उत्पादन बढ़ सके।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले हैण्ड पम्पों की पहचान के लिए रंगों का निर्धारण करते हुए कहा कि विधायक निधि से लगने वाले हैण्ड पम्प के ऊपरी हिस्से का रंग नारंगी, क्षेत्र पंचायत द्वारा पीला, जल निगम द्वारा नीला, ग्राम पंचायत द्वारा लाल, जिला पंचायत द्वारा गुलाबी, मण्डी समिति द्वारा आसमानी, गन्ना विकास विभाग द्वारा भूरा तथा  सांसद निधि से लगने वाले हैण्ड पम्प के ऊपरी भाग का रंग स्वर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय, अर्थ एवं सांख्याधिकारी ललित चन्द्र, सीएमओ संजय कुमार शाह, जिला शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह, सहायक आयुक्त गन्ना धर्मवीर सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी अभय सक्सैना सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles