सहकारिता से किसानों की आर्थिक होगी ठीक:मुख्यमंत्री
13
रुद्रपुर ।देवभूमि खबर। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में पूरे सूबे में आमूल चूल परिवर्तन किए जा रहे हैं जिससे सूबे भर के किसानों में आर्थिक संपन्न बढ़ेगी। किसानों को उनकी आय बढ़ाने के लिए उन्हें सहकारिता के माध्यम से जागरूक करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने नए आयाम स्थापित किए हैं। जिनका असर निकट भविष्य में दिखना शुरू हो जाएगा।
सीएम रावत आज सिसौना स्थित महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य सहकारिता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा, जिसके लिए केंद्र सरकार के दिशा निर्देशन में तेजी से काम चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी सूबे की रीढ़ होते हैं और इसके लिए सरकार सदैव उनके जीवन को बेहतर बनाने के प्रति संजीदा है। उनको कृषि फसलों से अधिक से अधिक लाभ मिलें, सरकार की यही कोशिश बनी रहेगी। इससे पूर्व सीएम ने सर्वप्रथम पंडित दीन दयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजनान्तर्गत आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात सभी विधायकों और पार्टी नेताओं ने मुख्य अतिथि रावत का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस दौरान सीएम रावत ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत कई किसानों को चेक वितरित किए। इस योजना में करीब आठ हजार काश्तकारों को ऋण के चेक बांटे जाने हैं। सीएम के अलावा वहां मौजूद कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्या और कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत ने भी वहां मौजूद किसानों को सहकारिता में उनकी तकदीर बदलने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर हेलीपेड से लेकर मंच स्थल तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्या, धनसिंह रावत, विधायक सौरभ बहुगुणा, विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक पुष्कर सिंह धामी, विधायक प्रेम सिंह राणा, विधायक राजेश शुक्ला, विधायक हरभजन सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सूबे के सीएम रावत से मिलने के लिए किसानों में होड़ रही। स्वभाव से सरल और मृदभाषी होने के चलते हर किसी ने उनके पास पहुंचने की कोशिश की और उनसे अपनी समस्या से रुबरू कराया। इतना ही नहीं करीब दो दर्जन से अधिक लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंप समस्या के निराकरण की भी मांग की। सितारगंज विधायक सौरभ बहुगुणा ने सीएम से सितारगंज क्षेत्र के विकास की दिशा में एक भारी भरकम बजट की मांग करते हुए क्षेत्र में अधूरे पड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस पर सीएम रावत ने सितारगंज के विकास में कोई कोर कसर न छोडने का आश्वासन दिया है।
