मानदेय बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का दूसरे दिन भी धरना

देहरादून। मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने सहित लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन तेज हो गया है। संयुक्त संगठन के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखते हुए प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचीं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
संगठन की पदाधिकारियों रेखा नेगी और सुशीला खत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों को कई बार ज्ञापन भेज चुकी हैं। गत 30 सितंबर को भी प्रदेशभर में जिला स्तर पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया था। उस दौरान सरकार को 15 दिन का समय दिया गया, लेकिन इसके बावजूद मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
रेखा नेगी ने कहा कि सरकार लगातार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों को मुख्य समन्वयक इंद्रजीत करकोटी की ओर से आश्वासन दिया गया कि 9 नवंबर को मुख्यमंत्री द्वारा इस संबंध में घोषणा की जाएगी। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार की ओर से मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।


