ट्रामाडोल तस्करी गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, अब तक पांच आरोपी दबोचे

18 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल बरामदगी के मामले में एसटीएफ की कार्रवाई; गिरफ्तार फारूख उत्तराखण्ड में करता था दवाओं की अवैध सप्लाई और वितरण
देहरादून। उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की तस्करी से जुड़े गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फारूख पुत्र महबूब, निवासी ग्राम भारापुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। एसटीएफ के अनुसार, वह गिरोह के मुख्य आरोपियों सचिन मनिहाल और अंकित कुमार प्रजापति के लिए उत्तराखण्ड में दवाओं के रिसीवर और वितरक के रूप में काम करता था। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मामले में मई 2026 में एसटीएफ/एएनटीएफ और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। इस संबंध में थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार में मुकदमा संख्या 257/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29/60 में अभियोग दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना एसटीएफ देहरादून को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान बैंक खातों के विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच में सामने आया कि पूर्व में गिरफ्तार अंकित कुमार प्रजापति, निवासी मुजफ्फरनगर, जनवरी 2026 से सह-अभियुक्त सचिन मनिहाल से ट्रामाडोल कैप्सूल प्राप्त कर हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई कर रहा था। दवाओं की बिक्री से मिली रकम में से कमीशन काटकर शेष धनराशि वह नकद और बैंक खातों के माध्यम से सचिन तक पहुंचाता था। इस काम में सलमान और उसके साथी फारूख आदि की मदद ली जाती थी।
जांच में फारूख की भूमिका भी प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की अवैध सप्लाई में सामने आई। एसटीएफ के अनुसार, वह अपने एक अन्य साथी के साथ इस नेटवर्क में सक्रिय था और मई में हुई 18 हजार कैप्सूल की बरामदगी से जुड़े मामले में भी उसकी भूमिका पाई गई। बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों सहित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ ने बताया कि मामले में संगठित रूप से नशा तस्करी किए जाने के साक्ष्य मिलने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है। गिरोह द्वारा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई और आर्थिक लाभ अर्जित करने के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के आगे और पीछे के संपर्कों, आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों तथा डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा, उपनिरीक्षक कमाल हसन, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान, आरक्षी दीपक चंदौला और आरक्षी प्रदीप शामिल रहे।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से नशे से दूर रहने तथा नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल निकटतम थाने अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखण्ड तक पहुंचाने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। एसटीएफ हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और मोबाइल नंबर 9412029536 पर सूचना दी जा सकती है। मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 भी उपलब्ध है।


