बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 2.01 करोड़ की संपत्तियां कुर्क

प्रश्नपत्र छपाई के ठेके में धोखाधड़ी और साजिश का खुलासा, ब्लैकलिस्टेड प्रिंटिंग प्रेस के मालिक कौशिक कुमार कर पर गंभीर आरोप; शेल कंपनियों के जरिए धनशोधन का मामला
पटना। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 के प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पटना क्षेत्रीय कार्यालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत कुर्क की गई इन संपत्तियों का मूल्य 2.01 करोड़ रुपये बताया गया है। ये संपत्तियां कौशिक कुमार कर के नियंत्रण और लाभकारी स्वामित्व वाली कंपनी एमएस एनसी प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर हैं।
ईडी ने यह जांच पटना की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 420, 467 और 468 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66 के तहत विभिन्न टेलीग्राम यूआरएल, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। मामला बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 के प्रश्नपत्र लीक होने से संबंधित है।
ईओयू की ओर से 22 अगस्त 2024 को दाखिल आरोपपत्र के अनुसार, ब्लेसिंग्स सिक्योर्ड प्रेस प्राइवेट लिमिटेड के मालिक कौशिक कुमार कर ने अपने प्रभाव और सहयोगियों के माध्यम से परीक्षा के प्रश्नपत्र छापने का ठेका हासिल करने के लिए कथित साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने कैलटेक्स मल्टीवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक अन्य कंपनी बनाई, जिसमें अपने सहयोगियों को नाममात्र का निदेशक बनाया गया। आरोप है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य ब्लेसिंग्स सिक्योर्ड प्रेस की वास्तविक भूमिका छिपाना था, जिसे पूर्व में परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामलों में संलिप्तता के कारण प्रतिबंधित किया जा चुका था।
ईडी की जांच में सामने आया कि कैलटेक्स मल्टीवेंचर्स के पास प्रश्नपत्रों की छपाई का पूर्व अनुभव और अपना प्रिंटिंग प्रेस नहीं था। इसके बावजूद केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार की ओर से उसे प्रश्नपत्र छपाई का ठेका दिया गया। आरोप है कि कंपनी ने ठेके की शर्तों का उल्लंघन करते हुए छपाई का काम ब्लेसिंग्स सिक्योर्ड प्रेस को सौंप दिया।
जांच के अनुसार, सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 के प्रश्नपत्र कोलकाता से पटना लाए जा रहे थे। इस दौरान अन्य आरोपियों के साथ मिलीभगत कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने से पहले ही प्रश्नपत्र लीक कर दिया गया। प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी, जिससे बिहार सरकार को आर्थिक नुकसान हुआ और हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य एवं करियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
ईडी के मुताबिक कैलटेक्स मल्टीवेंचर्स को प्रश्नपत्र छपाई के लिए 5.90 करोड़ रुपये अग्रिम मिले थे। इसमें से केवल आंशिक धनराशि ही ब्लेसिंग्स सिक्योर्ड प्रेस को हस्तांतरित की गई, जबकि 2.01 करोड़ रुपये विभिन्न फर्जी कंपनियों के माध्यम से दूसरी जगह भेज दिए गए। जांच में पता चला कि धनराशि को कोलकाता स्थित कई ऐसी शेल कंपनियों के माध्यम से घुमाया गया, जिनका कोई वास्तविक कारोबारी संचालन नहीं था। कथित तौर पर फर्जी लेनदेन के जरिए धन के वास्तविक स्रोत और स्वरूप को छिपाया गया तथा अंततः नकदी में बदलकर धनराशि का लेन-देन छिपा दिया गया।
ईडी ने बताया कि अपराध से अर्जित धन का आगे पता नहीं चल पाने के कारण उसके बराबर मूल्य की पांच अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया है। ये संपत्तियां कौशिक कुमार कर के नियंत्रण और लाभकारी स्वामित्व वाली एनसी प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर दर्ज हैं।
ईडी के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों और संबंधित कंपनियों की भूमिका की जांच जारी है। इसके साथ ही अपराध से अर्जित अतिरिक्त संपत्तियों की पहचान और धनशोधन के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


