HTML tutorial
HTML tutorial

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 83 खाद्य पदार्थों की जांच में 15 मानकों पर फेल

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 83 खाद्य पदार्थों की जांच में 15 मानकों पर फेल
Spread the love

देहरादून। दीपावली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने देहरादून में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीम ने रायपुर चौक, महाराणा प्रताप चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से कुल 83 खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिनमें से 15 निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए हैं।

निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की। जिन खाद्य पदार्थों में मानकों के अनुरूप गुणवत्ता नहीं पाई गई, उनके कारोबारियों को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य सामग्री की सुरक्षित तैयारी, उचित भंडारण और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक भी किया।

निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर तीन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह के नेतृत्व में गोपाल स्वीट्स से मावा, न्यू लकी स्वीट्स से मावा बर्फी तथा कृष्णा स्वीट्स शॉप से प्लेन बर्फी का नमूना लिया गया। तीनों नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना ने बताया कि सभी मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और उनके उपयोग की अवधि की जानकारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि सभी मिठाई दुकानों और बेकरी संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में कमियां पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण एवं जांच अभियान में उपायुक्त खाद्य सचल विश्लेषणशाला वीरेन्द्र बिष्ट, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह तथा खाद्य विश्लेषक जितेंद्र भंडारी सहित अन्य संबंधित कर्मचारी शामिल रहे।

 

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles