उत्तरकाशी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.647 किलो चरस के साथ हरियाणा के तीन तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी। दीपावली पर्व के मद्देनजर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मोरी थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो वाहन से चरस की तस्करी कर रहे हरियाणा के पानीपत निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 647 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3.30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त अभियान के तहत जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरतते हुए सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चला रही है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में 4 नवंबर 2026 को मोरी-नेटवाड़ रोड पर देई झूला पुल जाने वाले रास्ते के समीप चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन संख्या HR 60P 0429 स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 1 किलो 647 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघव गाड़ी (21 वर्ष) पुत्र रवि गाड़ी, सन्नी गौतम (25 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार तथा हिमांशु (22 वर्ष) पुत्र संजीव कुमार, निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया गया है।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद में विशेष चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना एवं कोतवाली प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली मोरी पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 32 मामलों में 44 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान लगभग 61.70 लाख रुपये कीमत की 13.6 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त चार तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक रावत, कांस्टेबल गणेश राणा, अनिल तोमर, अजय रमोला, प्रमोद सिंह एवं राहुल सिंह शामिल रहे।


