मुख्यमंत्री ने किया ‘‘सतर्कता-हमारी साझा जिम्मेदारी’’ थीम पर आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ

Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में ‘‘सतर्कता-हमारी साझा जिम्मेदारी’’ थीम पर आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह अभियान प्रदेशभर में राज्य स्थापना दिवस, 09 नवम्बर 2025 तक संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन किया और कहा कि पटेल जी ने अपना संपूर्ण जीवन भारत की एकता, अखंडता और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत का केवल संकल्प नहीं लिया, बल्कि उसे धरातल पर उतारने का कार्य भी किया है। उनके नेतृत्व में देश में पारदर्शी, उत्तरदायी और जन-केंद्रित कार्य संस्कृति विकसित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार भी भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ संकल्पित होकर कार्य कर रही है। राज्य गठन के बाद से अब तक सतर्कता विभाग ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 339 भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पिछले तीन वर्षों में ही 78 भ्रष्टाचारियों सहित अन्य मामलों में 27 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में शासन व्यवस्था को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने के लिए टोल फ्री नंबर 1064 संचालित किया जा रहा है। बीते तीन वर्षों में इस नंबर पर लगभग दस हजार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 62 मामलों में ट्रैप और 4 शिकायतों में खुली जांच की कार्यवाही की गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा — जो भ्रष्टाचार करेगा, वह सलाखों के पीछे होगा।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से इस अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि समाज और प्रशासन की मजबूती के लिए कार्मिकों का अपने कार्यों में सत्यनिष्ठ, ईमानदार और अनुशासित होना आवश्यक है। कार्य के प्रति अनुशासन और निष्ठा से ही भ्रष्टाचार स्वतः समाप्त होता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कई प्रभावी कदम उठाए हैं। कार्यक्रम में डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, निदेशक सतर्कता वी. मुरूगेशन, सचिवगण तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

मुख्यमंत्री ने किया ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ का शुभारंभ, बोले–खेलों से बनता है सशक्त भारत

Spread the love देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में आयोजित हो रहा ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ खेल प्रतिभाओं को गाँव से राष्ट्रीय स्तर तक […]