HTML tutorial
HTML tutorial

मुख्यमंत्री ने 9.99 लाख पेंशन लाभार्थियों के खातों में भेजे 148.18 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने 9.99 लाख पेंशन लाभार्थियों के खातों में भेजे 148.18 करोड़ रुपये
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत अक्टूबर 2026 की पेंशन धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस दौरान प्रदेश के कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये की धनराशि भेजी गई। दीपावली से पहले पेंशन की धनराशि मिलने से लाखों जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांगता सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से और समय पर मिले।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था से पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ने के साथ अनावश्यक विलंब की संभावना भी कम हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहायता कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य आर्थिक सहायता देने के साथ प्रत्येक वर्ग को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था एवं दिव्यांगता के कारण कई लाभार्थियों को पेंशन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने और औपचारिकताएं पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर लगभग 7 हजार लाभार्थियों को विशेष प्रावधानों के तहत आधार के अभाव में भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचाया जाए और क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व पेंशन की धनराशि उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब जरूरतमंद व्यक्ति को उसका लाभ समय पर मिले।

अक्टूबर 2026 में वृद्धावस्था पेंशन के 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये, विधवा पेंशन के 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ रुपये तथा दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।

इसके अतिरिक्त किसान पेंशन के 27 हजार 92, परित्यक्ता पेंशन के 8 हजार 442, भरण-पोषण अनुदान के 7 हजार 461, तीलू रौतेली पेंशन के 2 हजार 248 तथा बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी पेंशन का भुगतान किया गया। इस प्रकार कुल 9,99,484 लाभार्थियों को 148.18 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, संयुक्त सचिव धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल तथा सहायक निदेशक हेमलता पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को दीपावली, धनतेरस, भैयादूज और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।

देवभूमि खबर

Related articles