दीवाली से पहले देहरादून में स्ट्रीट लाइटों का व्यापक सुधार अभियान

Spread the love

देहरादून। नगर निगम ने दीवाली के अवसर पर शहर को स्ट्रीट लाइटों से रोशन करने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया है। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के नेतृत्व में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई लाइटें लगाने के कार्यों को तेज़ी से अंजाम दिया जा रहा है। इस पहल के तहत न केवल पुरानी लाइटों की मरम्मत की जा रही है, बल्कि नई एलईडी लाइटें भी स्थापित की जा रही हैं


शहर को 6 सेक्टरों में विभाजित किया गया है ताकि स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव और सुधार कार्यों की निगरानी को सुचारु रूप से किया जा सके। इसके लिए 6 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नगर निगम के उप आयुक्त श्री गौरव भसीन को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो पूरे अभियान का संचालन कर रहे हैं।

स्ट्रीट लाइट मरम्मत कार्यों को तेज़ी से पूरा करने के लिए नगर निगम ने 35 नई टीमों का गठन किया है। इन टीमों को काम में सहयोग देने के लिए 2 नए वाहन खरीदे गए हैं, और 35 वाहन अनुबंध पर उपलब्ध कराए गए हैं।

रात में लाइटों की स्थिति की निगरानी और तत्काल सुधार के लिए 3 रात्रि पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें रात में खराब लाइटों की पहचान कर, तुरंत उन्हें सुधारने का काम कर रही हैं।

सहसधारा रोड पर स्थापित पोलों पर नई एलईडी लाइटें लगाई गई हैं, जो 2-3 दिनों में जलने लगेंगी। इससे इस क्षेत्र में सड़कें और गलियां और भी रोशन हो जाएंगी।

अब तक 2000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, और 500 से अधिक पुरानी लाइटों की मरम्मत की जा चुकी है। नगर निगम ने अपने विद्युत अनुभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे त्यौहार के इस समय पर छुट्टी न लें और काम को प्राथमिकता दें।

नगर आयुक्त स्वयं प्रतिदिन इस अभियान की समीक्षा कर रहे हैं। कार्यों की नियमित जांच और निरीक्षण के चलते, नागरिकों की शिकायतों में भी काफी कमी आई है।

सीएम पोर्टल और माई सिटीजन ऐप पर स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों की संख्या में लगातार गिरावट देखी जा रही है।
● सीएम पोर्टल पर 18 से 22 अक्टूबर तक शिकायतों की संख्या 80 से घटकर 21 रह गई है।
● माई सिटीजन ऐप पर भी शिकायतें 94 से घटकर 69 पर आ गई हैं।

हाल ही में भारी बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में स्ट्रीट लाइटों के बंद होने की शिकायतें आई थीं। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से प्राप्त इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने त्वरित सुधार के प्रयास किए हैं। अब दीपावली के पर्व के दौरान नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर की सभी सड़कें, गलियां और मोहल्ले स्ट्रीट लाइटों से जगमगाते रहें।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा कि, “हमारी पूरी कोशिश है कि देहरादून के हर कोने तक रोशनी पहुंचे और त्यौहार का माहौल चारों ओर दिखे। नगर निगम इस दिशा में पूरी तत्परता से काम कर रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/devbhoom/public_html/wp-includes/functions.php on line 5279

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/devbhoom/public_html/wp-includes/functions.php on line 5279