दून पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार, चार दोपहिया वाहन बरामद

दून पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार, चार दोपहिया वाहन बरामद
Spread the love
देहरादून पुलिस ने वाहन चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी समेत कुल चार दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए सुनियोजित तरीके से रेकी कर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
दून अस्पताल के पास हुई अलग-अलग वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में कोतवाली नगर में तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान 8 जुलाई को सीएनआई चर्च के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोहित गुप्ता (28) निवासी रायपुर और तुषार कुमार (22) निवासी भगत सिंह कॉलोनी, रायपुर को चोरी के एक दोपहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य चोरी के वाहन भी बरामद कर लिए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महंगे शौक और अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे तथा चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते सफल नहीं हो सके। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी रोहित गुप्ता पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
बरामद वाहनों में दो होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक होंडा मोटरसाइकिल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, अपर उपनिरीक्षक राजेश शाह, हरी प्रसाद पुरोहित व सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश बंगवाल, हर्षवर्धन और जातिराम तथा कांस्टेबल लोकेन्द्र, सोनी कुमार, संतोष और विजय शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles