मध्य प्रदेश में विवाह सहायता योजना घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 5.37 करोड़ की संपत्तियां कुर्क

5,923 संदिग्ध मामलों में 30.18 करोड़ रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, जनपद पंचायत के तत्कालीन सीईओ शोभित त्रिपाठी गिरफ्तार; न्यायिक हिरासत में
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय ने मध्य प्रदेश की विवाह सहायता योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के गबन से जुड़े धनशोधन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत 5.37 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया है। कुर्क की गई संपत्तियां तत्कालीन जनपद पंचायत सीईओ शोभित त्रिपाठी और उनके सहयोगी हेमंत साहू के नाम पर बताई गई हैं।
मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पंजीकृत गरीब निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए विवाह सहायता योजना संचालित की गई थी। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान था। ईडी की जांच के अनुसार, वर्ष 2019 से नवंबर 2021 तक जनपद पंचायत सिरोंज में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर तैनात रहे शोभित त्रिपाठी ने अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर योजना के तहत 5,923 संदिग्ध विवाह सहायता मामलों में करीब 30.18 करोड़ रुपये की सरकारी धनराशि स्वीकृत और वितरित की।
ईडी ने यह जांच भोपाल की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। प्राथमिकी में शोभित त्रिपाठी और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409 और 120-बी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(ई) और 13(2) के तहत आरोप दर्ज किए गए थे।
जांच में सामने आया कि योजना का लाभ दिलाने के लिए कथित तौर पर फर्जी और जाली आवेदन पत्रों के साथ अपात्र लाभार्थियों के दस्तावेजों एवं पहचान संबंधी जानकारियों का इस्तेमाल किया गया। अपात्र लोगों की जानकारी का उपयोग कर बैंक खाते खोले गए और उनकी जानकारी के बिना सरकारी सहायता की राशि इन खातों में हस्तांतरित की गई। इसके बाद विभिन्न किश्तों में नकद धनराशि निकाल ली गई।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान, जब सार्वजनिक विवाह आयोजनों पर प्रतिबंध था, उस अवधि में भी कथित तौर पर अपात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिया गया।
इस मामले में ईडी ने विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए। जांच के दौरान शोभित त्रिपाठी को 2 सितंबर 2026 को धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।


