स्कूल निर्माण कार्यों में देरी पर सख्त हुए शिक्षा मंत्री, लापरवाह कार्यदायी संस्थाओं पर होगी कार्रवाई

उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने समग्र शिक्षा परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी अधूरे कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर 7803 निर्माण कार्य स्वीकृत हुए, जिनमें 5735 पूरे हो चुके हैं, जबकि 1068 कार्य अभी भी अधूरे हैं। उन्होंने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्माण कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट महानिदेशालय को भेजने के निर्देश दिए तथा लापरवाह एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा।
डॉ. रावत ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 12 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा 266 डिजिटल लाइब्रेरी, समग्र शिक्षा एवं पीएम-श्री विद्यालयों में स्वीकृत 1203 आईसीटी क्लासेज और 2320 स्मार्ट क्लासेज की स्थापना में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।
समीक्षा बैठक में विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक आकांक्षा कोंडे, एससीईआरटी निदेशक वंदना गब्र्याल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी, प्राथमिक शिक्षा निदेशक के.एस. रावत सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

