ऋषिकेश में आबकारी विभाग की छापेमारी, चार आरोपी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार

ऋषिकेश। अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने 2 और 3 नवम्बर को ऋषिकेश क्षेत्र में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में हरिपुर कलां, कृष्णा नगर कॉलोनी, छिद्दरवाला और गुमानीवाला क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने करीब पांच पेटी अंग्रेजी शराब के साथ 40 बीयर, 60 पव्वे और 10 हाफ अंग्रेजी शराब बरामद की।
आबकारी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में चलाए गए अभियान के तहत 2 नवम्बर की रात्रि को हरिपुर कलां में दबिश दी गई। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष को हरियाणा ब्रांड की दो पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद 3 नवम्बर को विभागीय टीम ने दो अन्य आरोपियों को अवैध शराब की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 40 बीयर, 60 पव्वे और 10 हाफ अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सागर पुत्र हरीश निवासी हिसार, हरियाणा, प्रीति पत्नी सुनील निवासी हरिपुर कलां, ऋषिकेश, चंद्रप्रकाश निवासी हरिपुर कलां, देहरादून तथा ओमप्रकाश पुत्र दिलीप सिंह निवासी थानों, रायवाला, देहरादून शामिल हैं।
आबकारी विभाग ने चारों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।
अभियान में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश एवं अर्जुन सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही दीपा डोबरियाल तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार, आशीष चौहान, सोनम पवार और रेशमा चौहान शामिल रहे।


