स्वतंत्रता दिवस पर टीम शिवम पंडित की भव्य तिरंगा रैली, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

देहरादून।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता शिवम पंडित के नेतृत्व में टीम शिवम पंडित द्वारा भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति के नारों से शहर को गुंजायमान कर दिया।
रैली घंटाघर से शुरू होकर प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक, पथरी बाग चौक और आईएसबीटी चौक होते हुए वापस घंटाघर पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए युवाओं ने भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
रैली के दौरान शहर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। तिरंगा रैली लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
टीम शिवम पंडित ने कहा कि रैली का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली के माध्यम से युवाओं को देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
