हरिद्वार पुलिस: ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, मथुरा से गिरफ्तार हुआ कातिल दोस्त

Spread the love

हरिद्वार ।पुलिस ने एसएसपी हरिद्वार के कुशल नेतृत्व में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है।

जंगल में झाड़ियों के बीच मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने खुलासा किया कि नशे की हालत में हुए विवाद के बाद दोस्त ने ही पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी।

एसएसपी हरिद्वार ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था, लेकिन पुलिस टीमों की सतर्कता, तकनीकी विश्लेषण और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच के आधार पर घटना का सफल अनावरण किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपित को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को संकलित कर लिया गया है। एसएसपी ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

दिनांक 07.02.2026 को थाना कनखल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच एवं शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में की। घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन हेतु फील्ड यूनिट को बुलाया गया तथा मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कनखल में मु0अ0सं0 41/26 धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मामले के अनावरण हेतु कुल 05 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत करते हुए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में मृतक कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए तथा एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाते हुए देखा गया।
स्कूटी सवार की पहचान अरविन्द उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो घटना के बाद से मथुरा फरार हो गया था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को मथुरा से धर दबोचा गया।

पूछताछ में अभियुक्त अरविन्द उर्फ शिवम ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था। वह और मृतक कुनाल आपस में दोस्त थे और पड़ोस में ही रहते थे। दिनांक 06 फरवरी 2026 की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल ने अरविन्द की बहनों पर गंदी टिप्पणी करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने अरविन्द को थप्पड़ मार दिए, जिससे गुस्से में आकर अरविन्द ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खुशहाल जीवन के लिए रिश्तों की समझ जरूरी: प्रोफेसर राजेश भट्ट

Spread the love देहरादून।दून विवि में प्री-वेडिंग काउंसलिंग विषय पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एनसीसी, एनएसएस और मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वैवाहिक जीवन से पूर्व मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक तैयारी के महत्व से अवगत कराना था, ताकि […]