देहरादून।
जौनसार बावर के प्रतिष्ठित थाणा गांव के निवासी और क्षेत्र के पहले आईआरएस अधिकारी गीताराम जोशी का जॉलीग्रांट अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनका जन्म 12 सितंबर 1944 को हुआ था। गीताराम जोशी अपने पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा चकराता में प्राप्त की और डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून से कानून की पढ़ाई पूरी की। जोशी जी जौनसार बावर छात्र संघ के अध्यक्ष भी रहे थे।
गीताराम जोशी ने हरियाणा के सिरसा, मेरठ और उत्तराखंड में मुख्य आयकर आयुक्त के पद पर अपनी सेवाएं दीं। अपने पूरे करियर के दौरान उन्होंने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का पालन किया, जिसके लिए आज भी आयकर विभाग में उनकी मिसाल दी जाती है। वह जौनसार बावर के वरिष्ठ शिक्षाविद कृपाराम गुरु जी के सबसे छोटे भाई थे।
जोशी जी के निधन से जौनसार बावर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका परिवार क्षेत्र का प्रतिष्ठित उदीयाण परिवार है, जिसके कई सदस्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। गीताराम जोशी का निधन क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।