केंद्रीय प्रतियोगी परीक्षा नकल प्रकरण में बड़ी कार्रवाई — रेलवे बोर्ड की परीक्षा में नकल करते अभ्यर्थी को पुलिस ने दबोचा

केंद्रीय प्रतियोगी परीक्षा नकल प्रकरण में बड़ी कार्रवाई — रेलवे बोर्ड की परीक्षा में नकल करते अभ्यर्थी को पुलिस ने दबोचा
Spread the love

देहरादून। एसएसपी दून के निर्देश पर नकल माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने भारतीय रेलवे बोर्ड की केंद्रीय ऑनलाइन परीक्षा में नकल करते हुए एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है।

आईकैट सोल्यूशन परीक्षा केंद्र सहारनपुर रोड पटेलनगर में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर को अभ्यर्थी विवेक पुत्र साधुराम निवासी अचीना, चरखी दादरी, हरियाणा (उम्र 22 वर्ष) का व्यवहार संदिग्ध लगा, जिसके बाद तलाशी लिए जाने पर उसके जैकेट की आस्तीन से नकल पर्ची बरामद हुई। शिकायतकर्ता वादी यशवीर पुत्र स्व. गिरधारी निवासी श्रीकोट, पुरोला (जिला उत्तरकाशी) की लिखित तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि परीक्षा पास कराने के लिए उसकी हरियाणा के शर्मा नामक व्यक्ति से चार लाख रुपये में डील हुई थी। शर्मा द्वारा परीक्षा से पूर्व परीक्षा केंद्र के बाहर तीन व्यक्तियों से मिलवाया गया, जिन्होंने अभ्यर्थी के मोबाइल पर एक प्राइवेट मैसेंजर एप डाउनलोड कराकर उसके माध्यम से प्रश्नों के उत्तर भेजे और फिर वही उत्तर एक पर्ची पर लिखकर उसे सौंप दिए, जिसे अभियुक्त अपने कपड़ों में छिपाकर परीक्षा कक्ष में ले गया था। चेकिंग में पकड़े जाने के बाद यह पूरा नकल प्रकरण सामने आया।

जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि पूरे मामले में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता है और नकल कराने के लिए तकनीक आधारित सिस्टम तथा प्राइवेट मैसेंजर एप का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब आरोपी से जुड़े प्रत्येक लिंक और संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है और हरियाणा से जुड़े तारों की भी पड़ताल जारी है।

गिरफ्तार अभ्यर्थी विवेक पुत्र साधुराम, निवासी अचीना, चरखी दादरी, हरियाणा के पास से नकल पर्ची बरामद की गई है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल सौरभ कुमार और कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles