देहरादून ।स्मार्ट सिटी विकास को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और पूर्व राज्य मंत्री नवीन जोशी ने मौजूदा मेयर और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आज धर्मपुर में जन संवाद से जन समर्थन कार्यक्रम के दौरान कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नाम पर पूरे शहर की सड़कों को खोद दिया गया है, लेकिन काम पूरा करने की कोई ठोस योजना नहीं दिख रही है। जगह-जगह नालियां भरी पड़ी हैं, सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, और कूड़ा उठान भी नियमित रूप से नहीं हो रहा है। इसके अलावा, स्ट्रीट लाइट्स जो सड़क पर लगनी चाहिए थीं, वे भी कामगारों को भुगतान न होने के कारण अभी तक नहीं लग पाई हैं।
नवीन जोशी ने वर्तमान मेयर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास देहरादून के विकास के लिए कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि देहरादून को एक शिक्षित और पढ़े-लिखे मेयर की आवश्यकता है, जो विकास की दिशा में एक विजन के साथ काम कर सके। श्री जोशी ने जोर देकर कहा कि जब कांग्रेस का मेयर बनेगा, तो वह जनता के साथ संवाद कर, उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए देहरादून को सही मायने में स्मार्ट सिटी बनाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में देहरादून की जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। शहर का प्रबंधन प्रशासनिक अधिकारियों के हवाले कर दिया गया है, जो जनता से दूरी बनाए हुए हैं, और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उनका दावा था कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में विकास कार्यों में रुकावटें आई हैं, लेकिन कांग्रेस की सरकार बनने पर रुके हुए कार्यों को प्राथमिकता के साथ फिर से शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए, जिनमें आशीष नौटियाल, गोपाल सिंह गढ़िया, वीरेंद्र पवार, राम सिंह, प्रवीण, राजेश कुमार, ललित कुमार, संजय शर्मा, और विवेक सलूजा शामिल थे। सभी ने देहरादून के विकास को लेकर वर्तमान प्रशासन की आलोचना की और कांग्रेस की संभावनाओं पर भरोसा जताया।